भारतीय जनता पार्टी का वृहद सदस्यता अभियान 1 सितंबर से, जिला कार्यालय में हुआ कार्यशाला का आयोजन

अभियान को लेकर जिला कार्यालय में आयोजित हुई महत्वपूर्ण कार्यशाला

कटनी। आगामी 1 सितंबर 2024 से भारतीय जनता पार्टी का अखिल भारतीय स्तर पर सदस्यता महाभियान प्रारंभ होने जा रहा है। इस सदस्यता अभियान 2024 को भारतीय जनता पार्टी ने संगठन पर्व का नाम दिया है। भारतीय जनता पार्टी इस अभियान में 10 करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। सदस्यता अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज जिला कार्यालय के पं दयाराम तिवारी सभागार में जिला कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला को संबोधित करने के लिये मुख्य वक्ता के रुप में प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन शामिल हुए। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री तथा पन्ना विधायक ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह थे, अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने की। अतिथि के रूप में जिला संगठन प्रभारी संजय साहू, विधायकगण संदीप जायसवाल, धीरेंद्र सिंह, महापौर प्रीति सूरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामरतन पायल, राजेश गर्ग, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, जिला महामंत्री राजेश चौधरी मंचासीन रहे। संचालन जिला महामंत्री सुनील उपाध्याय ने किया।

कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता एवं पितृ पुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुआ। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन एवं विषय परिचय जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन ने दिया। जिलाध्यक्ष श्री टण्डन ने उपस्थित समस्त पदाधिकारियों का अभिवादन किया तथा सदस्यता महाभियान के विषय पर संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज के समय हमारे भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यक्रम डिजिटल तरीके से होता है तथा सारा डिजिटल डाटा एक स्थान पर केंद्रित किया जाता है। ये सदस्यता अभियान पूरी तरह से डिजिटल होगा तथा हम सबको सदस्यता अभियान में अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ना है। कटनी जिले को मिले लक्ष्य को संकल्प के साथ हासिल करना है। कटनी जिले के संगठन‌ की प्रशंसा प्रदेश स्तर‌ पर होती है तथा हमें सदस्यता अभियान में अपनी छाप प्रदेश स्तर पर छोड़नी है।

अपने संबोधन में पूर्व मंत्री ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन से प्रेरित कार्यकर्ताओं का समूह हमारे पास है जो किसी भी कार्य को सम्पन्न करने में पूर्ण रुपेण सक्षम है‌। आज हमारे लिये समाज में जो अनुकूलता बनी है उसके पीछे हमारी पीढि़यों का संघर्ष और बलिदान है। जनसंघ से लेकर आज तक का हमारा सफर संघर्षों से भरा रहा है। आज पूरा विश्व हमें स्वीकार कर रहा है इसके पीछे हमारे नैतिक सिद्धांत ही हैं। श्री सिंह ने कहा कि हमारे सिद्धांत के नये कार्यकर्ता हमारे संगठन से जुड़ें और हम अपने आप को पुनः सबसे बडे़ राजनैतिक संगठन के रूप में स्थापित करें इस लिये इस सदस्यता अभियान को हमें लगन और निष्ठा से पूर्ण करना है।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि कटनी जिला अपने सांगठनिक कार्यों के लिए प्रदेश के अव्वल जिलों में गिना जाता है। आज भारतीय जनता पार्टी ने कटनी के अपने कार्यकर्ताओं के उत्कृष्ट कार्यों के‌ कारण लोकसभा और उससे पूर्व विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चारों सीटें जीतीं तथा लोकसभा में हमारे प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा जी को भारी मतों से विजयी बनाया। श्री जैन ने सभी कार्यकर्ताओं को स्वयं के लिए करतल ध्वनि के साथ ताली बजवाई। श्री जैन ने कहा कि इस बार का सदस्यता अभियान अपने आप में विशिष्ट होने जा रहा है क्योंकि ये पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी होगी। 100 सदस्य बनाने वाला कार्यकर्ता ही सक्रिय कार्यकर्ता बन सकेगा और सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन के पदों को‌ प्राप्त कर सकेगा, इसलिए हमें पूरी तन्मयता और निष्ठा के साथ इस बार सदस्यता करनी है। आज समाज का हर व्यक्ति सरकार की योजनाओं से लाभान्वित है और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है, इसलिए हमें संगठन को विस्तार देने के लिये समाज के भीतर जाना मात्र है और हमारी सदस्यता संख्या निर्धारित लक्ष्य से कहीं ज्यादा होगी। संगठन का दायित्व ही हमारी प्राथमिकता है और इस दायित्व का आप सब पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे इसका मुझे पूर्ण विश्वास है।

कार्यशाला को जिला प्रभारी संजय साहू ने भी संबोधित किया तथा कटनी जिले के कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए सदस्यता अभियान में मिले लक्ष्य को पूरी करने की बात कही।

अभियान में पदाधिकारियों तथा जन प्रतिनिधियों के दायित्वों का विवरण प्रस्तुत किया गया। सदस्यता अभियान को डिजिटल तरीके से पूर्ण करने तथा नये सदस्यों को जोड़ने की तकनीकी विधि को आईटी विभाग जिला संयोजक संकल्प तिवारी ने प्रस्तुत किया। इसके पहले जिला कार्यालय मंत्री अम्बरीष वर्मा ने हाल ही में दिवंगत भाजपाजनों के लिए शोक प्रस्ताव रखा। आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष भारत पटेल ने किया।

कार्यशाला में मुख्य रूप से जिला प्रबंध समिति के सदस्यगण, जिला पदाधिकारी, जन प्रतिनिधिगण सभी पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षगण, नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्षगण, मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्रीगण, मंडल प्रभारी, मंडल प्रशिक्षक, मंडलों की त्रिसदस्यीय सदस्यता टोली, सभी प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, सह संयोजक सहित अभियान / विभागों के संयोजक व सह संयोजक शामिल हुए।

 

Exit mobile version