HOMEKATNIMADHYAPRADESH

अनेक बार संविधान की हत्या करने वाले आज संविधान की किताब लेकर शपथ ले रहे: संजय सत्येंद्र पाठक

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर जमकर बरसे पूर्व मंत्री, प्रदेश के बजट को बताया सर्वस्पर्शी

कटनी। कांग्रेस ने एक बार नहीं अनेक बार संविधान की हत्या की है। इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लगाकर व विपक्षियों को 19 महीने जेल में यातनाएं देकर संविधान की हत्या की। इसके अलावा अनेक बार प्रदेशों की गैर कांग्रेसी सरकारों को असमय गिराकर व राष्ट्रपति शासन लगाने जैसे असंवैधानिक कृत्य कांग्रेस की देन रहे हैं। बारंबार संविधान की धज्जियां उड़ाने वाले कांग्रेस नेता आज संसद से लेकर सड़क तक देश तोड़ने वाली राजनीति कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश के बहुसंख्यक हिंदुओं को हिंसक बताकर व लगातार उनका अपमान कर देश में सांप्रदायिकता की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिस विकास के पथ पर अग्रसर है वह कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा। आज भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उक्त विचार व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री तथा विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया।

शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व मंत्री विधायक श्री संजय सत्येंद्र पाठक, विधायक श्री सन्दीप जायसवाल, जिलाध्यक्ष श्री दीपक टण्डन, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यगण श्री रामरतन पायल, श्री पीताम्बर टोपनानी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, पूर्व मंत्री श्रीमती अलका जैन, महामंत्री सतीश तिवारी, राजेश चौधरी, राजेश गर्ग मंचासीन थे। संचालन जिला मीडिया प्रभारी आशुतोष शुक्ला तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री श्री सुनील उपाध्याय ने किया।

 

विधायक संजय पाठक ने केंद्र में सशक्त, मजबूत, निर्णायक और निरंतर तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने पर 140 करोड़ देशवासियों का आभार माना। साथ ही मध्यप्रदेश में सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की विजय को इतिहास रचने वाला बताया। उन्होंने कहा यह रिकॉर्ड अब कोई तोड़ नहीं सकता है, केवल बराबरी कर सकता है। 2019 में भाजपा का वोट प्रतिशत 58 प्रतिशत था, जो 2024 के चुनाव में बढ़कर 59.27 प्रतिशत हो गया है। मोदीजी के मन मस्तिष्क में मध्यप्रदेश का विशिष्ठ स्थान है, यह यू ही नहीं कहा गया है कि मोदी के मन में एमपी और एमपी के मन में मोदी। भाजपा मप्र के सामूहिक नेतृत्व, कुशल रणनीति के साथ ही समर्पित कार्यकर्ताओं की श्रंखला ने विधानसभा और लोकसभा की पूर्ण विजय सुनिश्चित किया। विधायक श्री पाठक ने कहा कि लोकतांत्रिक इतिहास के 76 वर्ष में देश के जनमानस ने किसी प्रधानमंत्री को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में जनादेश देकर स्वीकारोक्ति की है। 2024 का ये चुनाव नीति, नीयत, निष्ठा और निर्णयों पर विश्वास का चुनाव रहा है। 2019 के मुकाबले 2024 के चुनाव में देश के विभिन्न राज्यों में हमारा वोट प्रतिशत बेहतर हुआ है। जिसकी वजह हमारे कार्यकर्ताओं का धरातल पर निरंतर प्रवास एवं अथक परिश्रम है। श्री पटेल ने प्रदेश के बजट, सड़कों के जाल, हर घर जल व कृषि क्षेत्र में उन्नति, आयुष्मान मध्यप्रदेश, महिलाओं का सशक्तिकरण, प्रदेश की तरक्की, शिक्षा, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण, नई सरकार की उल्लेखनीय अन्य प्रमुख उपलब्धियां आदि पर विस्तार से बात रखी।

लोकतंत्र में मजाक का विषय बनी कांग्रेस

विधायक श्री पाठक ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि एक ओर जहां जनता के आशीर्वाद के साथ भाजपा सरकार लगातार पूरी पारदर्शिता, प्रमाणिकता और परिश्रम के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही है, वहीं कांग्रेस विपक्ष के रूप में भी लोकतंत्र में मजाक का विषय बन गयी है। यह भी पहली बार होगा कि कांग्रेस में अपनी नीति-नेतृत्व और सनातन विरोधी मानसिकता के कारण भगदड़ मची हुई है। विकृत भाषा, तथ्यहीन आरोप, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कराना कांग्रेस का नियमित व्यवहार बन गया है। मोदीजी का विरोध करते-करते भारत का विरोध और भारत का विरोध करते-करते अब हिंदुओं का अपमान करने में कांग्रेस गर्व करती है।

 

मध्यप्रदेश सरकार का कुशल प्रबंधन

श्री पाठक ने कहा प्रधानमंत्रीजी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। हमारे कर्मठ व जुझारू मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार का प्रयास है कि आगामी पांच वर्षों में प्रदेश के वार्षिक बजट के आकार को दोगुना किया जाए। इस संबंध में पहला कदम 2023-24 के बजट की तुलना में बिना कोई नया कर लगाए वर्ष 2024-25 के बजट में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की हुई है। प्रति व्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। 2003-04 में प्रति व्यक्ति आय मात्र 13 हजार 465 रुपए थी, जो कि बढ़कर अब 11 गुना हो गई है। जनवरी 2024 में जारी रिपोर्ट के अनुसार मप्र में दो करोड़ 30 लाख लोग गरीबी से बाहर आए हैं। बीते 10 वर्ष में चार करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं। तीसरे कार्यकाल में तीन करोड़ नए आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

मध्यप्रदेश के विकास को मिली गति

विधायक श्री पाठक ने कहा कि अटल प्रगति पथ, नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य एक्सप्रेस-वे, मालवा-निमाड़ विकास पथ, बुंदेलखंड विकास पथ, मध्य भारत विकास पथ के कार्य गतिमान है। इंदौर, भोपाल, जबलपुर एवं ग्वालियर में सुगम यातायात के लिए एलीवेटेड कॉरीडोर निर्माणाधीन है। सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत उज्जैन शहर में बायपास के साथ शहर में आने वाले सभी मार्गों को 4 लेन अथवा 8 लेन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनांतर्गत 2024-25 में लगभग एक हजार किमी सड़क का निर्माण एवं लगभग दो हजार किमी सड़कों के नवीनीकरण होने जा रहा है। हर घर नल 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन 70 वर्ष तक के बुजुर्गों के लिए मुफ्त चिकित्सा यह ऐतिहासिक संकल्प है जिसे सरकार पूरा करने में जुटी है। इस अवसर पर मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल तथा जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन ने भी पत्रकारों को सम्बोधित किया।

 

Related Articles

Back to top button